‘खेलो इंडिया’ दुनिया देखे, ऐसा आयोजन करने का प्रयास करेगा मध्यप्रदेश : शिवराज

विक्रम सिंह जादौन

भोपाल, नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर , मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बार राज्य में आयोजित हो रहे ‘खेलो इंडिया’ आयोजन के बारे में कहा कि इस कार्यक्रम को पूरा हिंदुस्तान नहीं, बल्कि पूरी दुनिया देखे, ऐसा आयोजन करने का प्रयास किया जाएगा। श्री चौहान ने नयी दिल्ली में आयोजित समारोह में कहा कि देश के दिल में सभी का स्वागत है। वैसे भी भारत की परंपरा अतिथि देवो भव: की है, मेहमान हमें जान से प्यारा होता है, अपने खिलाड़ियों को हम जान से ज्यादा संभाल कर रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने राज्य में खेलों की बुनियादी सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि शूटिंग अकादमी को मध्यप्रदेश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की बनाने का प्रयास किया है। हर जिले में भी खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं देेने के लिए सभी जिलोंं में स्टेडियम, कोचिंग की व्यवस्था की है।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया जैसी कल्पना गांव – गांव में खेल संस्कृति के विकास को बढ़ावा दे रही है। अब गांव-गांव में खेल खेले जा रहे हैं और खेलों में भारत चमत्कार कर रहा है।

मध्यप्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य में वन संपदा, जल संपदा, खनिज संपदा के साथ पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में पर्यटन के अब तक सांची, भीमबेटिका, खजुराहो, ओरछा का मंदिर, श्री महाकालेश्वर जैसे स्थान थे, मध्यप्रदेश टाइगर स्टेट, लेपर्ड स्टेट के साथ अब चीता स्टेट भी बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को दूसरे महाद्वीप से लाए गए चीतों की सौगात दी है।
समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.