विपक्षी नेताओं के प्रति विद्वेष के भाव से काम करती है भाजपा सरकार: नरेश उत्तम पटेल

लखनऊ 14 जुलाई,  समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं एमएलसी नरेश उत्तम पटेल शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार विपक्ष और विपक्षी नेताओं के प्रति विद्वेष भाव से काम करती है। मोहम्मद आजम खां साहब की सुरक्षा हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री पटेल ने आज यहां प्रेसवार्ता में कहा कि मोहम्मद आजम खां साहब के जीवन को खतरा है, उनको सुरक्षा की आवश्यकता है। समाजवादी पार्टी भाजपा सरकार के कृत्य की भर्त्सना करती है।स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आजम खां साहब के प्रति भाजपा सरकार द्वारा लगातार उत्पीड़न की कार्रवाई पर चिंता एवं विरोध जता चुके हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों, नौजवानों, महिलाओं का जीवन सुरक्षित नहीं है। देश के सबसे बड़े राज्य में कथित डबल इंजन की सरकार में किसी को भी प्रताड़ित किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं है। श्री पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाज के सभी वर्गों और जनप्रतिनिधियों के साथ अन्याय और अपमानजनक व्यवहार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मो़ आजम खान कई बार प्रदेश सरकार में मंत्री, विधायक और सांसद रहे हैं, उनकी जान के खतरे को देखते हुए सुरक्षा के लिए सरकार ने वाई श्रेणी की सुरक्षा दी थी लेकिन भाजपा सरकार ने बदले की भावना से उनकी सुरक्षा वापस ले ली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेताओं को जिनको किसी तरह से खतरा नहीं है, उन्हें इस सरकार ने वाई श्रेणी की सुरक्षा दे रखी है। समाजवादी पार्टी के नेताओं की सुरक्षा वापस लेना निंदनीय है।

भाजपा सरकार जानबूझकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान साहब को और उनके परिवार को परेशान कर रही है और प्रताड़ित कर रही है। प्रदेश में जब से भाजपा सरकार आई है तभी से आजम खान साहब को तरह-तरह के झूठे मामलों में फंसा कर प्रताड़ित कर रही है। News Source : News Agency (Webvarta)

Leave A Reply

Your email address will not be published.