नशे में धुत पति ने पत्नी को चाकू से गोदा, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 26 अगस्त,  दक्षिणपुरी इलाके में नशे में धुत पति अपनी पत्नी पर चाकू से कई वार कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया और उसके बयान पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार सुबह नशे की हालत में सेंट्रल मार्केट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गुरुवार को घरेलू विवाद के बाद पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी बॉबी दक्षिणपुरी इलाके में रहता है और सोफा मरम्मत करता है। उसकी शादी 11 साल पहले हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। बॉबी को शराब की लत है। पत्नी से उसका पारिवारिक विवाद चल रहा था। इस वजह से पीड़िता करीब तीन महीने से अपने माता-पिता के साथ छतरपुर में रह रही थी। गुरुवार को वह पति से मिलने के लिए दक्षिणपुरी आई थी, जहां बॉबी शराब के नशे में मिला। इसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोपी ने झगड़े के दौरान पीड़िता पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के कई वार से महिला के शरीर पर गंभीर घाव हो गए और वह गिर गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। शोर सुनकर पहुंची पड़ोस की महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घायल महिला के बयान पर केस दर्ज कर बॉबी को सेंट्रल मार्केट से धर दबोचा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.