पंजाब में महिलाओं के लिए केजरीवाल की घोषणा चुनावी जुमला : दिल्ली कांग्रेस

नयी दिल्ली, 22 नवंबर,  दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को महिला विरोधी करार देते हुए सोमवार को कहा कि उन्होंने दिल्ली की महिलाओं से किये वादे ही पूरे नहीं किये हैं और अब चुनावी जुमलों के जरिए पंजाब की महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने यहां कहा कि श्री केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं से कई वादे किये और इन महिलाओं ने उन्हें तीन बार वोट देकर मुख्यमंत्री बनाया लेकिन अपनी कैबिनेट में किसी महिला को जगह नहीं दी है।

उन्होंने कहा कि चुनाव पूर्व श्री केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं को मेट्रो में निशुल्क सफर का वादा किया था लेकिन उन्होंने वह वादा अब तक नहीं निभाया है। उनका कहना था कि श्री केजरीवाल सिर्फ घोषणा करते हैं और चुनावी घोषणाएं कर वोट लेने के लिए महिलाओं को धोखा देने का खेल खेलते हैं। श्री चौधरी ने केजरीवाल द्वारा पंजाब में हर महिला के खाते में 1000 रुपये डालने की घोषणा को भी चुनावी जुमला बताया और कहा कि उन्होंने दिल्ली की जनता से 10 वादे किये थे लेकिन एक भी पूरा नहीं किया है और अब उनको मानने से ही इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल को पंजाब में वोट लेने के बाद 1000 रुपये देने की बात करने से पहले दिल्ली की महिलाओं से किये वादे पूरे कर इस येाजना को दिल्ली में भी लागू करना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.