रायपुर : महात्मा गांधी से अंग्रेज डरे थे, आज राहुल गांधी से भाजपा डरी है : भूपेश

रायपुर, 7 जुलाई, । मोदी सरनेम मानहानि मामले में गुजरात हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है। राहुल गांधी की याचिका खारिज होने पर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को रायपुर के अंबेडकर चौक पर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री भूपेश ने विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से अंग्रेज डरे थे, आज राहुल गांधी से भाजपा डरी है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ने का काम किया। उन्होंने सच्चाई के साथ लड़ाई लड़ी।

कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक हर जगह राहुल गांधी के साथ लोग थे। उन्होंने कहा कि आज देशभर में सबसे लोकप्रिय नेता राहुल गांधी हैं। कश्मीर में सबसे प्रिय नेता राहुल गांधी हैं। कश्मीर में फोर्स ने रोका फिर भी नहीं रुके। राहुल गांधी को कितना भी परेशान कर लें भाजपाई, राहुल गांधी न झुकेंगे और न रुकेंगे। इतना ही नहीं सीएम बघेल ने कहा कि आज दुनिया राहुल गांधी को सुनना चाहती है। प्रधानमंत्री मोदी सवालों का सामना नहीं कर पा रहे हैं।

जनता का विश्वास राहुल गांधी हैं, जनता की उम्मीद और आशा राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी के साथ हम मोर्चे पर खड़े हैं, लड़ेंगे और जीतेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव,पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश प्रभारी सचिव चंदन यादव और कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.