आयुर्वेद के ज्ञान को अधिकाधिक गहरायी से समझने का समय : कोविंद

उज्जैन, 29 मई,  राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि आज का यह समय आयुर्वेद के ज्ञान को अधिकाधिक गहराई से समझने, वैज्ञानिक कसौटी पर कसकर खरा उतरने तथा वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुसार तकनीकी मापदण्डों को परिमार्जित कर विश्व को देने का है। श्री कोविंद आज अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने यहीं से शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय उज्जैन के नवनिर्मित भवन का वर्चुअल लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सर्वहितकारी आयुर्वेद का परम्परागत ज्ञान हमारे पास है। यह हमारा सौभाग्य है, परन्तु आज का समय शोध एवं अनुसंधान का, प्रमाणन का और गुणवत्ता का है।

राष्ट्रपति श्री कोविंद ने कहा कि उज्जयिनी में आयोजित अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के 59 वें अधिवेशन में आप सबके बीच आकर उन्हें बहुत प्रसन्नता हो रही है। राष्ट्रपति ने कहा कि अवंतिका, प्रतिकल्पा और अमरावती जैसे पौराणिक नामों को धारण करने वाली यह नगरी योग, वेदांत, पर्व, उत्सव, धर्म, दर्शन, कला, साहित्य और आयुर्वेद ज्योतिष की नगरी है। यह नगरी कृष्ण और सुदामा को शिक्षा देने वाले महर्षि सान्दीपनि के गुरू की नगरी है। यह भूमि भूतभावन भगवान महाकाल, मंगलकारी भगवान मंगलनाथ, योगी मत्स्येंद्रनाथ, सम्राट विक्रमादित्य, महाकवि कालिदास, महाकवि भास और भवभूति आदि जैसी अनेक महान विभूतियों की भूमि है। राष्ट्रपति ने कहा कि वे उज्जैन की इस पुण्य भूमि को नमन करते हैं।

श्री कोविंद ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि आज से लगभग 115 वर्ष पहले 1907 में अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन की स्थापना पवित्र गोदावरी नदी के किनारे स्थित कुंभ नगरी नासिक में की गई थी। आज पवित्र शिप्रा नदी के किनारे स्थित एक अन्य कुंभ नगरी उज्जैन में इसका 59 वां अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है। इस सुखद संयोग के परिणाम देश और दुनिया के लिये कल्याणकारी होंगे। इसी विश्वास के साथ महासम्मेलन को सम्बोधित करना उनके लिये गौरव का विषय है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार ने समय समय पर भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के संरक्षण और संवर्धन के लिये अनेक उपाय किये हैं, परन्तु वर्ष 2014 में पृथक आयुष मंत्रालय की स्थापना के बाद से तेजी आई है। भारत सरकार से सम्बन्धित विभिन्न अनुसंधान परिषदों, राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान आदि संस्थाओं द्वारा आयुर्वेद के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किये गये हैं। इसके लिये वे आयुष मंत्रालय और केन्द्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को बधाई देते हैं।

श्री कोविंद ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योग और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों में सदैव विशेष रूचि प्रदर्शित की है। इस सम्मेलन के आयोजन में और राष्ट्रीय धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय के आधुनिक भवन के निर्माण में भी प्रदेश सरकार का भरपूर योगदान रहा है। प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने की दृष्टि से किये जा रहे सभी प्रयासों को देखकर यह विश्वास मजबूत होता है कि राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में चिकित्सा सुविधाओं को मध्यप्रदेश में लगातार संबल मिलता रहेगा और यह प्रदेश आयुर्वेद चिकित्सा का भी पसंदीदा गन्तव्य बनेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि अभी हाल ही में गुजरात के जामनगर में डब्ल्यूएचओ ग्लोबल सेन्टर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन की स्थापना से यह पुष्टि होती है कि विश्व अब हमारी पारम्परिक चिकित्सा पद्धतियों को स्वीकार करने के लिये तैयार है। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा के आदिपुरूष धन्वंतरि, सुश्रुत और चरक के द्वारा दी गई शिक्षा में आदमी स्वस्थ कैसे रह सकता है, यह बताया गया है। उन्होंने कहा कि सुश्रुत ने प्लास्टिक सर्जरी की खोज की। राज्यपाल ने कहा कि कोविड के दौरान जिस तरह भारत ने आयुर्वेद के सहारे रोग से लड़ाई को मजबूत बनाया, वह प्रशंसनीय है। भारत में आयुर्वेद का विकास हो, यह सारे विश्व के लिये आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को अनुसंधान कर प्रामाणिकता प्रदान की जानी चाहिये। मानवीयकरण के लिये क्लिनिक पद्धति स्वीकार कर आयुर्वेद को आगे बढ़ाने का काम किया गया है। आधुनिक विश्लेषणों के साथ नागरिकों के लिये आयुर्वेद के चिकित्सा उपायों को सामने लाना चाहिये। उन्होंने कहा कि वनों से मिलने वाली जड़ी-बूटियों की पहचान रखने के मामले में वनवासी भाइयों को अधिक महारत हासिल है, इसका उपयोग करना चाहिये। उन्होंने कहा कि यह आयुर्वेद महासम्मेलन मानव कल्याण करने की दिशा में सफल होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा का प्राचीन इतिहास रहा है। दुनिया को जीने का एक नया सन्देश आयुर्वेद और आध्यात्म के माध्यम से मिलता है। आयुर्वेद का कोई साइड इफेक्ट नहीं होता। उन्होंने कहा कि वे किसी पैथी का विरोधी नहीं हैं, किन्तु आयुर्वेद जीवन पद्धति को ऐसा बनाता है, जिससे रोग न हो। योग के साथ-साथ आयुर्वेद की दवाओं से वात, पित्त, कफ का एक संतुलन बना रहता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के दौरान मध्यप्रदेश के एक करोड़ घरों में त्रिकटु काढ़ा वितरित किया गया। भारतीय चिकित्सा पद्धति से कोई बेहतर पद्धति नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में आयुर्वेद के लिये एक बेहतर सेन्टर प्रारम्भ करेंगे। आयुर्वेदाचार्यों और आयुष विभाग के लिये जितने बजट की आवश्यकता होगी, उतना बजट बढ़ायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद के अधिकारी ही आयुर्वेद चिकित्सकों को क्लिनिक खोलने की अनुमति दें, इस पर भी निर्णय होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में एक आयुष विंग की स्थापना कर दी गई है, इसको समृद्ध किया जायेगा।इसके पूर्व राष्ट्रपति श्री कोविंद सभा स्थल पर पहुंचे। राष्ट्रपति के मंच पर पहुंचने पर पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजायी गयी। इसके बाद राष्ट्रपति का स्वागत वैद्य देवेंद्र त्रिगुणा ने किया। राष्ट्रपति के साथ प्रथम महिला श्रीमती सविता कोविंद भी मंच पर पहुंची। इसके पूर्व मंच पर राज्यपाल श्री पटेल, मुख्यमंत्री श्री चौहान और उनकी पत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, आयुष राज्य मंत्री रामकिशोर ‘नानू’ कावरे, सांसद अनिल फिरोजिया अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अध्यक्ष वैद्य देवेंद्र त्रिगुणा, वैद्य राकेश शर्मा, वैद्य रणजीत पौराणिक मौजूद थे।

कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रपति श्री कोविंद द्वारा धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गयी। स्वागत भाषण अ.भा.आयुर्वेद सम्मेलन के अध्यक्ष देवेंद्र त्रिगुणा द्वारा दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.