राष्ट्रीय शिक्षा सर्वे में पंजाब के प्रथम आने पर मान क्यों चुप हैं: कांग्रेस
चंडीगढ़, 27 मई, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर राजा वडिंग ने राष्ट्रीय शिक्षा सर्वे में पंजाब के नंबर वन आने के बावजूद मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल की चुप्पी पर तंज कसते हुए कहा, “इतना सन्नाटा क्यों है भाई? ” राजा वडिंग ने ट्वीट की शृंखला में श्री मान और श्री केजरीवाल से पूछा है कि पंजाब को बधाई नहीं देंगे? दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा है कि यह इतिहास में शायद पहली बार होगा कि एक मुख्यमंत्री अपने प्रदेश के बेहतरीन प्रदर्शन से खुश नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी की तरफ से शिक्षकों का शुक्रिया अदा किया है। इससे पूर्व शिरोमणि अकाली दल ने आम आदमी पार्टी से पंजाब पर दिल्ली का ‘असफल’ मॉडल थोपने से बाज़ आने और पंजाब के स्कूलों और स्कूली छात्रों के ‘अपमान’ के लिए माफ़ी मांगने की मांग की थी।पंजाब राष्ट्रीय शिक्षा सर्वे में पहले नंबर पर है और मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को उनकी मेहनत के लिए बधाई नहीं दी।