उत्तराखंड 2022 में नयी इबारत लिखेगा : हरीश रावत

नैनीताल, 12 नवम्बर,  कांग्रेस नेता हरीश रावत ने परिवर्तन यात्रा के बाद हल्द्वानी में पहली विजय संकल्प शंखनाद रैली में गुरूवार को कहा कि उत्तराखंड दो दशक बाद देश की राजनीति में नयी इबारत लिखेगा। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिये मार्ग प्रशस्त होगा। श्री रावत ने इस मौके पर भाजपा पर तीखे हमले करते हुए कहा कि प्रदेश में जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। सन् 2002 में जिस प्रकार उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनी और 2004 में केन्द्र में संप्रग की सरकार गठित हुई। ठीक दस साल बाद उत्तराखंड वही इतिहास दोहरायेगा। केन्द्र में 2024 में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने औरश्री राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिये उत्तराखंड मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। किसानों व गरीबों के नाम पर सत्ता में आयी प्रदेश सरकार ने खालिस जुमले दिये। उसके पास विकास का कोई सोच नहीं है। सरकार ने हर मोर्चे पर वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि गोल्डन कार्ड के नाम पर सरकार कर्मचारियों व पेंशनधारियों के साथ छलावा कर रही है। उनसे वसूली कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर गोल्डन कार्ड को बंद कर दिया जायेगा। साथ ही कटौती की रकम को वापस खातों में जमा किया जायेगा।
श्री रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार के नाम पर भी विफल साबित हुई है। उन्होंने वादा किया कि वह राज्य को रोजगारपरक बनायेंगे। उन्होंने कहा कि अपने तीन वर्ष के शासनकाल में उन्होंने 32000 लोगों को रोजगार मुहैया कराया था। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार आने पर कांग्रेस सरकार की जनहित की योजनाओं को दुबारा लागू किया जायेगा। साथ ही पहले वर्ष में सभी रिक्त पदों को भरने के लिये नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर देंगे। इसके साथ ही राज्य की औसत आय को 1.75 लाख से बढ़ाकर 3.50 लाख तक लेकर जायेंगे। शंखनाद रैली में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके सुपुत्र संजीव आर्य का पार्टी में जोरदार स्वागत हुआ।

रामलीला मैदान में आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि उन्हें घर वापसी पर काफी राहत महसूस हो रही है। प्रदेश की जनता भाजपा शासन से दुखी है और जनता ने परिवर्तन का मन बनाया है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले पांच सालों में प्रदेश में विकास रूक सा गया है। महंगाई व बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार में गरीबों का कोई सम्मान नहीं है और गरीब वर्ग और गरीब हो गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी को एकजुट होकर कांग्रेस को जिताना होगा। रैली को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद प्रदीप टमटा के अलावा अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.