झगड़े मे बीचबचाव करने आई महिला की नाक चबाई, हालात गंभीर

मोदीनगर, 29 जून,  सारा मार्ग स्थित मानवतापुरी कॉलोनी में दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को सुलझाना एक महिला को काफी महंगा पड़ा। एक पक्ष के युवक ने महिला की नाक को दांतों से चबा लिया। गंभीर हालात में महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सख्त कार्रवाई करने की बात कह रही है। नगर की मानवतापुरी कॉलोनी में किराए पर रहने वाले दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ी कि दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष काफी देर तक आपस में मारपीट करते रहे। कॉलोनी की रहने वाली महिला तबस्सुम अपने पति के साथ घर के बाहर बैठी थी और वह झगड़ा कर रहे लोगों को समझाने के लिए चली गई। इस बात से एक पक्ष नाराज हो गया और उसने महिला व उसके पति को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने दांतों से महिला की नाक चबा ली। इतना ही नहीं महिला पर धारदार हथियार से भी हमला किया। इस हमले में महिला बेहोश हो गई। परिजन महिला को स्थानीय अस्पताल में ले गए लेकिन हालात गंभीर होने पर महिला को गाजियाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। महिला के परिजनों ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। थानाप्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.