भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा नुकसान छोटे व्यापारियों का हुआ : अजय राय

लखनऊ, 27 अगस्त। राजस्थान सरकार द्वारा राज्य तेली घाणी विकास बोर्ड की स्थापना करने पर रविवार को पूर्व विधायक कांग्रेस नेता राकेश राठौर के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय लखनऊ में उत्तर प्रदेश तैलिय महासंघ द्वारा आभार समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से तैलिय महासंघ के सैकड़ों पदाधिकारी एवं हज़ारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पूर्व ने कहा कि कांग्रेस तैलिय समाज के सामाजिक विकास और उत्थान के लिए हमेशा समर्पित रही है।

आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार में सबसे ज्यादा नुकसान छोटे व्यापारियों का हुआ है जो बड़ी तादात में तैलिय समाज से आते हैं, क्योकि भारतीय जनता पार्टी पूंजीपतियों के साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी सदा छोटे और मध्यम व्यापारियों के समर्थन में रही है और सरकार में रहते हुए छोटे मझोले व्यापारियों के हित में नीतियां बनाई लेकिन आज भाजपा उन कानूनों को समाप्त कर छोटे व्यापारी को समाप्त करने में लगी है। हम आप सभी को भरोसा दिलाते हैं कि कांग्रेस की केंद्र में 2024 में सरकार बनने पर पुनः आप सभी के हित में नीतियां बनाई जाएगी, क्योंकि आप ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर राजस्थान सरकार द्वारा बनाये गये तेली घाणी विकास बोर्ड की भांति केन्द्रीय बोर्ड स्थापित कर पूरे देश में तैलिय समाज के लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जायेगा।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी समुदायों की पार्टी है, वह सभी लोगों के उत्थान के लिए काम करती है। राजस्थान प्रदेश सरकार द्वारा बनाया गया राज्य तेली घाणी विकास बोर्ड इसी का परिणाम है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के संगठन सचिव अनिल यादव ने कहा कि हम लोग लगातार जातीय जनगणना के सवाल को उठा रहे हैं। उसमें तैलिय समुदाय के महासंघ से समर्थन की उम्मीद करते हैं। हम लोग मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ फैंकेगे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव(प्रभारी-प्रशासन) दिनेश कुमार सिंह, उप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, राकेश राठौर, नितान्त सिंह नितिन, प्रभाकर मिश्रा, कैलाश नाथ साहू आदि सम्मिलित हुए। News source credit : Internet Media/News Reporter

Leave A Reply

Your email address will not be published.