मुंबई में भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, जुलाई महीने में हुई रिकॉर्ड बारिश

मुंबई, 27 जुलाई। मुंबई में बुधवार रात से हो रही भारी बारिश से मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। इसका असर सड़क यातायात के साथ मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाले हार्बर रेलवे की लोकल सेवा भी पड़ा है, जबकि पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे की सेवा सुचारु रूप से चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में हो रही बारिश ने जुलाई महीने में होने वाली बारिश के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जलनिकासी का काम मुंबई नगरनिगम कर्मी पंपिंग के सहयोग से कर रहे हैं।

मौसम विभाग ने कोलाबा और सांताक्रूज़ में क्रमश: 124.8 मिमी और 124 मिमी बारिश दर्ज की है। चर्चगेट, मरीन लाइंस में सड़कों पर जलभराव हो गया है। इससे इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। इस तरह के हालात दादर, माटुंगा, किंगसर्कल, लालबाग, अंधेरी, कुर्ला आदि स्थानों पर भी हैं। मुंबई नगर निगम कर्मी जलनिकासी कर रहे हैं, लेकिन लगातार अचानक भारी बारिश होने से स्थिति पहले जैसी ही बन जा रही है। इससे नागरिकों का हाल बेहाल हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मुंबई की हुई भारी बारिश ने जुलाई 2020 में बनाए गए 1,502.6 मिमी के रिकॉर्ड को पार कर लिया। अब तक जुलाई महीने में कुल वर्षा 1,512.7 मिमी तक हुई और इस वर्ष के जुलाई माह में वर्षा का एक नया रिकॉर्ड बन गया है। बुधवार को हुई बारिश ने जुलाई 2005 की याद दिला दी, जब मुंबई में एक ही दिन में 944 मिमी बारिश हुई थी। जुलाई 2005 कुल मासिक वर्षा 1454.4 मिमी दर्ज की गई थी। यह इस महीने दर्ज की गई बारिश से 58 मिमी कम थी। मुंबई में 25 जून से बारिश की शुरुआत हुई और एक महीने के भीतर मुंबई में 2,000 मिमी तक बारिश दर्ज की जा चुकी है। शहर में पहली बार 1,000 मिमी बारिश 21 जुलाई तक और उसके बाद पांच दिनों में 1,000 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.