मोदी ने एयरपोर्ट, ज़मीन, माइंस सब दोस्त को दे दिया : अरविंद केजरीवाल

रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी की भाजपा के अध्यादेश के ख़िलाफ़ महारैली 

नई दिल्ली (अनवार अहमद नूर) मोदी जी की गुंडागर्दी नहीं चलेगी, लोकतंत्र में हिटलरशाही नहीं चलेगी, काला अध्यादेश वापस लेना होगा जैसे अनेक नारों के साथ दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में “अध्यादेश वापस लो,-सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू करो” को लेकर आम आदमी पार्टी की एक विशाल महारैली संपन्न हुई।
इसमें विभिन्न राज्यों से आए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता, पार्षद एवं पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट व सांसद कपिल सिब्बल के अलावा मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली विधानसभा स्पीकर रामनिवास गोयल, दिल्ली के शिक्षा मंत्री मैडम आतिशी, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय, आप सांसद संजय सिंह, डॉक्टर संदीप पाठक, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता, सांसद राघव चड्ढा, सांसद सुशील गुप्ता,डिप्टी स्पीकर राखी बिरला, खाद्य मंत्री इमरान हुसैन, मंत्री राजकुमार, सांसद एन डी गुप्ता, विधायक दुर्गेश पाठक, सचेतक दिलीप पांडे, विधायक गुलाब सिंह यादव, राजेश गुप्ता, जरनैल सिंह और कैलाश गौतम आदि ने भाग लिया।
दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने अपने संबोधन में कहा कि आजकल बाहर भी बहुत गर्मी है लेकिन लोगों को अपने अंदर भी गर्मी की आवश्यकता है और इस गर्मी को बढ़ाने की जरूरत है ताकि भाजपा जैसे दलों से संघर्ष किया जा सके उन्होंने कहा काला अध्यादेश दिल्ली पर थोप दिया गया है और हम इसको वापस कराना जानते हैं। हम इसको वापस करा कर ही दम लेंगे। उन्होंने देश के पीएम को निशाना बनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री भारत को मदर आफ डेमोक्रेसी कहते हैं लेकिन आप अपने अहंकार में इसे मर्डर ऑफ डेमोक्रेसी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को सत्ता का अहंकार हो गया है और इस अहंकार के चलते दिल्ली के वोटों की क़ीमत ज़ीरो कर दी गई है।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा की वर्तमान नरेंद्र मोदी की सरकार सुप्रीम कोर्ट के 5 सदस्यों के फैसले को बदलना चाहती है लोकतंत्र को ख़त्म करना चाहती है। दिल्ली की सरकार को बदलना चाहती है। इसकी तानाशाही की पराकाष्ठा है, अत्याचार की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि इस काला अध्यादेश के माध्यम से बदले में मैं कहना चाहता हूं की हम सब मिलकर इस सरकार के चेहरे को काला करने का काम करें।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन में कहा कि दरिया का रास्ता नहीं रोका जा सकता आम आदमी पार्टी एक दरिया है।
सांसद कपिल सिब्बल ने इस रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार संविधान का मज़ाक उड़ा रही है। कपिल सिब्बल ने कहा कि केंद्र में बैठी सरकार सारे अधिकार ब्यूरोक्रेट्स को देना चाहती है, वह दिल्ली के सीएम के पास कोई पावर नहीं रखना चाहते। यह किस तरह का मज़ाक है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने भाषण में कहा कि आज यह अध्यादेश दिल्ली के लिए आया है कल बाकी राज्यों के लिए भी आएगा। हम रामलीला मैदान में इसी तानाशाही वाली सरकार को देश से निकालने के लिए आए हैं। आप सभी को हमारे साथ रहना है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैं सुप्रीम कोर्ट को नहीं मानता। उनको बहुत अहंकार है। देश के अंदर जनतंत्र खत्म हो रहा है। इसी को तानाशाही, हिटलरशाही कहते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने एक चौथी पास राजा की कहानी सुनाते हुए देश के पीएम पर निशाना साधा और कहा कि इस कहानी में रानी नहीं है। कहानी सुनाते वक्त केजरीवाल ने नोटबंदी, फ़र्ज़ी डिग्री और नाम लिए बगै़र अडाणी और बृजभूषण केस को भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि राजा के एक दोस्त ने अंतरराष्ट्रीय पहलवानों से छेड़छाड़ की। मगर राजा ने उससे दोस्ती निभाई। अरविंद केजरीवाल ने महंगाई पर कहा कि महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल, दूध और सब्जियां महंगी हैं। एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 1,000 रुपए से ज़्यादा हो गई है। वे समझ नहीं पा रहे हैं कि इसे कैसे नियंत्रित किया जाए। चौथी पास राजा को पता ही नहीं देश को कैसे चलाना है। एक दिन वे कहते हैं, 2,000 रुपए का नोट आएगा, पांच साल बाद वे कहते हैं कि यह चला जाएगा। ये कैसे पीएम हैं, जिन्हें यह नहीं पता कि 2,000 रुपए का नोट रहेगा या जाएगा। उन्होंने कहा कि राजा का एक दोस्त है जो किसानों पर गाड़ी चढ़ा देता है, लेकिन राजा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आंदोलन के दौरान 700 किसानों की मौत हो गई। मगर राजा अपने अहंकार में रहा। उन्होंने राजा को बड़ा दोस्तबाज बताते हुए कहा कि अगर मैंने गरीबों को मुफ्त रेवड़ी दी, तो बवाल है? आपने तो पूरे का पूरा रेवड़ा उठा के अपने दोस्तों को दे दिया। एयरपोर्ट, ज़मीन, माइंस सब दोस्त को दे दिया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.