भाजपा स्मार्ट हो गई लेकिन शहर स्मार्ट नहीं हुए : अखिलेश यादव

लखनऊ, 26 अप्रैल,  उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर जाति-धर्म के आधार पर और कानून की धज्जियां उड़ा कर हो रहा है। समाजवादियों को सरकार से लड़ना है। डीएम—एसपी से लड़ना है। इनके पैसे से लड़ना है और इनके टीवी-चैनलों से लड़ना है। सोचो कितना कड़ा मुकाबला है। भाजपा स्मार्ट हो गई लेकिन शहर स्मार्ट नहीं हुए। यह आरोप उत्तर प्रदेश में चल रहे नगरीय निकाय चुनाव के बीच गाजियाबाद दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लगाए।

अखिलेश ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए पत्रकारों से कहा कि इनसे स्वास्थ्य सेवाओं पर पूछोगे तो यह तमंचा बोलेंगे, इनसे पूछो कि आपने वादा किया था कि पढ़ाई सस्ती होगी तो बोलेंगे तमंचा, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नहीं कर पाए तो तमंचा, नदियां साफ नहीं कर पाए तो तमंचा। महंगाई, बेरोजगारी की बात करो तो कहेंगे तमंचा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी बनाई साइकिल ट्रैक बर्बाद कर दी। महंगाई पर भाजपा नहीं बोलती है। सिलेंडर से लेकर दाल तक महंगी हो गई। महंगाई, बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है। किस निजी स्कूल की फीस कम हो गई। सड़कों से सांड नहीं हटा पा रहे हैं। शहरों को कोई सुविधाएं नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि लखनऊ जैसी राजधानी से समाजवादियों का काम हटा दो तो क्या मिलेगा वहां? भाजपा वाले बताएं यहां पर एक ऑटो वाले को पुलिस ने पीट-पीटकर मार दिया था, क्या उसकी सरकार ने सहायता की? अखिलेश ने जनता से निकाय चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों को वोट देकर जीताने की अपील की। News Source : News Agency (Webvarta)

Leave A Reply

Your email address will not be published.