बहराइच : बैराज में मगरमच्छ का शव हुआ बरामद, जांच में जुटा वन विभाग

बहराइच, 04 नवम्बर , उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत गिरिजापुरी बैराज में शुक्रवार को एक मगरमच्छ का शव पानी में तैरता मिला। वन विभाग ने मामले की पड़ताल शुरु कर दी है। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ के शव को बाहर निकाला। मगरमच्छ की मौत के कारणों का पता अभी नहीं चल सका है।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि कतर्नियाघाट रेंज के गिरिजापुरी बैराज में एक मगरमच्छ का शव पानी में बहता हुआ मिला है। शव जाल में फंसा था। लोगों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। वन क्षेत्राधिकारी विजय मिश्रा मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया है। डीएफओ आकाशदीप वधावन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद मौत के सही कारण का पता चल रहा है। ज्ञात हो कि कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में कई प्रजाति के जलीय जीव पाए जाते हैं। पर्यावरणीय चुनौतियों के कारण अब इन पर संकट गहरा गया है। अभी दो दिन पूर्व एक डॉल्फिन की मौत का मामला भी उजागर हुआ था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.