मीट फैक्टरी में अमाेनिया के रिसाव से 70 मजदूर बेहोश हुए, छह गिरफ्तार

अलीगढ़, 29 सितंबर,  उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के रोरावर इलाके में स्थित एक मीट फैक्टरी में गुरुवार को अमोनिया गैस का रिसाव होने से वहां काम कर रहे लगभग 70 मजदूर बीमार हो गये। इनमें कुछ महिलायें भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इस हादसे की वजह फैक्टरी की पाइपलाइन में दरार आने काे बताया गया है। अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि इस मामले में फैक्टरी के मालिक सहित 07 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनमें से 06 को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।

पुलिस के अनुसार रोरवर थाना क्षेत्र में ‘अल दुआ’ नाम की मीट फैक्टरी में यह हादसा हुआ। पाइपलाइन में दरार आने से गैस का रिसाव होने के बाद फैक्टरी में मीट की पैकेजिंग कर रहे मजदूर बेहाेश होकर गिरने लगे। पहले तो फैक्टरी प्रबंधन ने इस हादसे की जानकारी छुपाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति गंभीर होते देख पुलिस को सूचित कियाउ गया। अलीगढ़ की जिलाधिकारी इंदिरा विक्रम सिंह ने कहा कि बीमार हुए 59 मजदूरों को जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराना पड़ा है। इनकी हालत अब स्थिर बतायी गयी है। नैथानी ने बताया कि मौका मुआयना के दौरान फैक्टरी में यंत्रों का खराब रखरखाव और लचर प्रबंधन भी देखने को मिला। उन्होंने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन काे हादसे के बारे में समय से सूचित नहीं किया गया। इन तथ्यों के आलोक में फैक्टरी प्रबंधन सहित सात लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में नामजद किये गये लोगों में फैक्टरी मालिक हाजी जहीर के अलावा अन्य अधिकारियों परवेज, अजय, अलीम, जावेद, शशिकांत ओर सरफराज शामिल हैं। इनमें से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है। नैथानी ने कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जायेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.