12.25 करोड़ में केकेआर ने श्रेयस को ख़रीदा, हर्षल पटेल को मिले 10.75 करोड़

बेंगलुरु, 12 फरवरी,  कयास लगाए जा रहे थे कि श्रेयस अय्यर को एक बड़ी रक़म देकर कोई टीम ख़रीदेगी और यह कयास बिल्कुल सही साबित हुआ। काफ़ी देर तक कई टीमों ने श्रेयस को ख़रीदने के लिए बोली लगाई लेकिन अंत में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने उन्हें 12.25 करोड़ की सबसे बड़ी रक़म देकर खरीद लिया। हर्षल पटेल 10 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। नीतीश राणा के लिए मुंबई और कोलकाता के बीच हुआ कड़ा मुक़ाबला और अंत में 8 करोड़ रुपयों में कोलकाता में वापस गए राणा । सभी की नज़रें जेसन होल्डर पर थी। मुंबई, चेन्नई, गुजरात, राजस्थान को पछाड़कर होल्डर को सुपर जायंट बनाया लखनऊ ने। 8 करोड़ 75 लाख में आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे वेस्टइंडीज़ खिलाड़ी बने होल्डर।

पिछले साल के प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट हर्षल पटेल के लिए आरसीबी, सीएसके और एसआरएच उतरे मैदान में। वह 10 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। 10 करोड़ 75 लाख में बेंगलुरु में घर वापसी हुई पर्पल पटेल की। रॉयल टीमों की लड़ाई में दीपक हुड्डा का हुआ फ़ायदा। 5 करोड़ 75 लाख में गए दीपक लखनऊ के पास। पंजाब किंग्स के पर्स में सबसे ज़्यादा पैसे थे। इसका फ़ायदा उठाते हुए उनकी टीम ने मार्की खिलाड़ियों की नीलामी में जमकर बोली लगाई। पहले उन्होंने शिखर धवन को 8 करोड़ देकर ख़रीदा और उसके बाद कैगिसो रबादा को उन्होंने 9.25 करोड़ की राशि देकर ख़रीदा। धवन के लिए बोली लगाने की दौड़ में दिल्ली कैपिटल्स की भी टीम थी, साथ ही उन्होंने आर अश्विन और रबादा के लिए भी बोली लगाई लेकिन उन्हें ख़रीदने में सफल नहीं हुए।

शुरुआती अपडेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने पैट कमिंस के लिए लगातार बोली लगाई और उन्हें 7.25 करोड़ रूपए में अपने टीम में शामिल करने में सफल रही जबकि अश्विन को राजस्थान रॉयल्स को 5 करोड़ में ख़रीदा। वहीं न्यूज़ीलैंड के बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट को राजस्थान की टीम ने 8 करोड़ की राशि देकर ख़रीदा। सभी टीम कहीं ना कहीं अपने खिलाड़ियों को वापस ख़रीदना चाहती थी। दिल्ली कैपिटल्स के अलावा कई टीमें ऐसी थी जो अपने खिलाड़ियों के वापस अपने टीम में लाने में सफल नहीं हुई। मुंबई ने बोल्ट के लिए बोली लगाई लेकिन वह सफल नहीं हुए। वहीं चैन्नई सुपर किंग्स ने भी फ़ाफ़ डुप्लेसी के लिए बोली लगाई लेकिन वह भी सफल नहीं हुए। उन्हें रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु की टीम ने 7 करोड़ की राशि देकर ख़रीदी। क्या डुप्लेसी बैंगलुरु की टीम के नए कप्तान हो सकते हैं? ये देखने और सोचने वाली बात होगी।

पंजाब किंग्स की टीम ने मोहम्मद शमी के लिए बोली नहीं लगाई। शमी को नयी टीम गुजरात टाइटंस ने 6.25 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया। मुंबई ने क्विंटन डी कॉक के लिए देर से बोली लगाई लेकिन डिकॉक लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए नीलामी की पहली खरीद थे। उन्हें 6.75 करोड़ करोड़ में ख़रीदा गया। कैपिटल्स ने अंततः अपना खाता खोला, मार्की खिलाड़ियों के दौर के अंत में, सनराइज़र्स हैदराबाद के पूर्व कप्तान डेविड वार्नर को खरीदा। उन्हें 6.25 करोड़ की राशि दी गई।

पंजाब किंग्स के दृष्टिकोण से, वे अब अपने सलामी जोड़ी के लिए लगभग सेट हो चुके हैं। जहां धवन और मयंक की जोड़ी उनके लिए पारी की शुरुआत करेगी। इसी तरह डिकॉक सुपर जायंट्स के पास जा रहे हैं, जिनके पास पहले से लोकेश राहुल हैं, ऐसे में उनकी भी ओपनिंग जोड़ी लगभग तय है। वार्नर दिल्ली की टीम में गए हैं और वह पृथ्वी शॉ के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। एक महत्वपूर्ण बात यह रही कि सनराइज़र्स ने वॉर्नर के लिए कोई बोली नहीं लगाई। वॉर्नर 2016 में हैदराबाद की टीम के कप्तान थे, जब उनकी टीम ने आईपीएल जीता था।
देवदत्त पडिक्कल 7.75 करोड़ के राशि के साथ रॉयल्स की टीम में जा रहे हैं। स्टीव स्मिथ, और सुरेश रैना और डेविड मिलर के लिए फिलहाल कोई ख़रीददार नहीं मिला है। उनके लिए एक और बार फिर बोली लगाई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.