अपने वकील रख, किसानों को बदनाम करना चाहती है भाजपा : राघव चड्ढा

नई दिल्ली, 05 जुलाई,  आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और विधायक राघव चड्ढा ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा दिल्ली सरकार के वकीलों को बदलने की साजिश रची जा रही है, जो किसानों का पक्ष रख रहे हैं। पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए राघव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार किसानों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है, जो शांतिपूर्ण तरीके से हक की लड़ाई लड़ रहे हैं।

 

राघव चड्ढा ने कहा कि जुलाई के शुरुआती दिनों में दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली के गृह मंत्री के बीच एक वर्चुअल मीटिंग हुई थी। इसमें एलजी ने भी माना था कि दिल्ली सरकार के वकील अच्छा काम कर रहे हैं। उनके खिलाफ कोई शिकायत भी नहीं मिली है, लेकिन मीटिंग के दौरान ही दिल्ली के एलजी ने कहा कि दिल्ली सरकार के वकील को हटाएंगे, ताकि किसानों को सबक सिखाया जा सके। राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा किसानों से बदला लेना चाहती है। उनके द्वारा दिल्ली सरकार पर जबरदस्ती वकील थोपने की कोशिश की जा रही है।

राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा से किसानों के समर्थन में खड़ी रही है। इसलिए भाजपा केजरीवाल सरकार के वकील को हटाकर अपना वकील लाना चाहती है, ताकि किसानों को फंसाया जा सके। चाहे तापमान 2 डिग्री हो या 45 डिग्री किसान, अपने हक के लिए लड़ाई लड़ रहा है। आम आदमी पार्टी का स्टैंड, इस मामले पर हमेशा से साफ था। तीन कृषि कानून की वापसी और एमएससी पर लिखित कानून की मांग, आम आदमी पार्टी हमेशा से करती रही है।

 

राघव चड्ढा ने कहा कि जब तक दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार है। कोई भी किसानों का बाल बांका नहीं कर सकता। हम इंसाफ की मांग कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी से पूछना चाहता हूं कि क्या दिल्ली सरकार के वकील के खिलाफ कोई शिकायत मिली है। उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली, तो फिर उन्हें हटाने की क्या जरूरत है। सच्चाई यह है कि भाजपा किसानों को बदनाम करना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी आज हर किसी से लड़ाई लड़ रही है। छात्रों से लेकर किसानों तक से भाजपा लड़ाई लड़ रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से यह कहना चाहता हूं कि वह देश के किसानों को कम न आंके। भारतीय जनता पार्टी ने इसका परिणाम बंगाल में देखा था।

 

दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसको लेकर दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। दिल्ली कांग्रेस द्वारा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया गया। इस मामले पर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें केंद्र सरकार बढ़ा रही हैं, न कि दिल्ली सरकार।

 

राघव चड्ढा ने कहा कि 2014 में, जब भाजपा की सरकार बनी थी, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया था। उन्होंने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में, जो भी तेल की कीमत होगी, उसके हिसाब से भारतीय बाजार में कीमत तय की जाएगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत कम होने के बावजूद, देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं हो रहे हैं। केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण आज पेट्रोल-डीजल के दाम 100 रुपये के करीब हो गए हैं। केंद्र सरकार आज पेट्रोल-डीजल से एक्साइज ड्यूटी और टैक्स हटा दे, तो पेट्रोल के दाम देश में 35 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।

 

राघव चड्ढा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों में दिल्ली सरकार की कोई भूमिका नहीं है। पिछले कई महीनों से दिल्ली सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर वैट भी नहीं बढ़ाया है। अभी जो कीमतें बढ़ रही हैं, उनके पीछे केंद्र सरकार का हाथ है। केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीज़ल पर रोजाना एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई जाती है, जिस कारण पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि देखने को मिल रही है। केंद्र सरकार की मंशा साफ है, तो उन्हें पेट्रोल और डीजल से एक्साइज ड्यूटी और टैक्स को हटाना चाहिए, ताकि आम आदमी को थोड़ी राहत मिल सके।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.