सहारनपुर : पुलिस ने हथियारों की अवैध फैक्टरी पकड़ी, बाप गिरफ्तार बेटा फरार

सहारनपुर, 13 मई,  उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में थाना बड़गांव पुलिस ने गुरुवार को देर रात करीब सवा दो बजे ईंट के भट्टे के पास से हथियार बनाने की एक बड़ी अवैध फैक्टरी का फंडा फोड़ किया, जिसे बाप बेटा मिल कर चला रहे थे। छापेमार के दौरान अवैध हथियार फैक्टरी का संचालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया लेकिन उसका बेटा फरार हो गया। सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आकाश तोमर ने शुक्रवार को बताया कि बड़गांव थाने के प्रभारी शौबीर नागर पुलिस दल के साथ देर रात इलाके में गश्त पर थे। उन्हें इलाके में हथियारों की फैक्टरी होने की सूचना मिली।

थाना बड़गांव पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तड़के फैक्टरी पर छापा मारा। जहां से पुलिस ने मुस्तकीम पुत्र शौकत, निवासी गांव सांपला बक्काल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 10 तमंचे, 11 अधबने तमंचे, 14 जिंदा कारतूस, 11 नाल, 12 बोर के मस्कट बोनिया और हथियार बनाने के उपकरण मशीन आदि बरामद किए। सूचना मिलने पर सीओ देवबंद दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बड़गांव थाना जाकर गिरफ्तार मुस्तकीम से पूछताछ की। हथियारों की इस अवैध फैक्टरी में गिरफ्तार मुस्तकीम का बेटा नईम भी पार्टनर है। पुलिस छापेमारी के दौरान नईम गिरफ्तार नहीं हो पाया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है।

तोमर ने बताया कि अभी तक की जानकारी के मुताबिक मुस्तकीम देवबंद और नानौता क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। पुलिस मुस्तकीम को रिमांड पर लेकर उन लोगों का पता लगाएगी जहां से यह अवैध हथियार बनाने का सामान लाता था और बेचता था। तोमर ने हथियारों की इस अवैध फैक्टरी का भांडाफोड़ करने वाले पुलिस दल को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा भी की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.