हर घर में है कांग्रेस कार्यकर्ता, उसमें उत्साह भरने की जरूरत : अजय राय

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का हुआ जोरदार स्वागत

लखनऊ, 24 अगस्त । कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम लखनऊ आगमन पर भव्य स्वागत हुआ। बनारस से लखनऊ के लिए चले अजय राय का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। लखनऊ पहुंचते-पहुंचते उनके काफिले में दो सौ से अधिक गाड़ियां शामिल रहीं। स्वागत समारोह में अजय राय ने कहा कि हम सभी पार्टी के सिपाही हैं। लोकसभा चुनाव के लिए हमें अभी से जी-जान से जुट जाना है।

लखनऊ में आगमन से पूर्व जलसा रिसार्ट के पास ब्रजेश राय ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। इस मौके पर अजय राय ने कहा कि हर घर में कांग्रेस का कार्यकर्ता है। हमें जरूरत है, उसमें उत्साह भरने की। आज भाजपा की झूठी बातों को सभी लोग समझ चुके हैं। आने वाले चुनाव में लोग भाजपा के खिलाफ मतदान करेंगे।

कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचने के बाद सबसे पहले अजय राय ने राष्ट्रध्वज तिरंगा झंडा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, फिर कांग्रेस पदाधिकारियों ने मंच से औपचारिक स्वागत का सिलसिला शुरू किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि अजय राय के ऊर्जा का पूरा लाभ पार्टी को मिलेगा। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश में अधिकतम सीटें जीतेगी।

अजय राय ने कहा कि उप्र कांग्रेस का गढ़ रहा है। यहां हर कोई कांग्रेस की मानसिकता वाला है। हर व्यक्ति में जोश भरने की जरूरत है। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराएंगे। इसके साथ ही बताएंगे कि कांग्रेस काम करने में, जबकि भाजपा झूठे प्रचार करने में विश्वास रखती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.