राजस्व मंत्री आतिशी ने मोटर बोट से यमुना के विभिन्न हिस्सों में मुआयना किया

नई दिल्ली, 10 जुलाई। यमुना के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। इस दिशा में राजस्व मंत्री आतिशी ने सोमवार सुबह अधिकारीयों के साथ मोटर बोट पर यमुना के विभिन्न हिस्सों में जाकर मुआयना किया। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए विभागों के राहत और बचाव संबंधी तैयारियों का भी निरीक्षण किया। आतिशी ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि, पूरे उत्तरी भारत में हो रही भारी बारिश के कारण यमुना में तेजी से पानी बढ़ता जा रहा है। साथ ही हथिनिकुंड बैराज से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कल हथिनिकुंड बैराज से 45,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था जो रात होते-होते 3 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया है। ऐसे में बहुत जल्द दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है।

आगे आतिशी ने कहा कि, ऐसे में राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों ने कमर कस ली है और युद्धस्तर पर काम कर रही है। राहत और बचाव कार्यों के लिए यमुना में 50 से अधिक मोटर बोट तैनात की गई है, जिसपर बचाव संबंधित सभी जरुरी उपकरण मौजूद है। साथ ही गोताखोर और मेडिकल टीमें भी तैयार है।

पल्ला से लेकर जैतपुर तक यमुना के खादर इलाकों में लगातार पैनी नजर बनाकर रखी गई है। विभाग द्वारा यमुना के निचले इलाकों में से लोगों को निकालने के लिए मुनादी की जा रही है। खादर इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यमुना के निचले इलाकों में लगभग 40,000 लोग रहते है। राजस्व विभाग ने इन सभी लोगों को और उनके स्थानों को मार्क कर दिया है और किसी भी खतरे की स्थिति को भांपते ही इन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया जायेगा। इसकी पूरी योजना बना ली गई है कि किन लोगों को किस स्थान पर भेजा जायेगा और जिन लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित इलाकों में लाया जायेगा और वहां उनके रहने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। News Source : News Agency (Webvarta)

Leave A Reply

Your email address will not be published.