युद्धपोत सुमेधा 278 भारतीयों का पहला जत्था लेकर पोर्ट सूडान से जेद्दाह रवाना

– वायु सेना के दो सी-130जे विमान सऊदी अरब से नागरिकों को भारत लाएंगे
– सूडान से दूसरा जत्था लाने के लिए जहाज आईएनएस तेग तैनात किया गया

नई दिल्ली, 25 अप्रैल। सूडान में फंसे नागरिकों को निकालने के लिए शुरू किये गए ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत नौसेना का युद्धपोत आईएनएस सुमेधा 278 भारतीयों का पहला जत्था लेकर पोर्ट सूडान से जेद्दाह के लिए रवाना हुआ। भारत ने संघर्ष प्रभावित सूडान से बाकी नागरिकों को लाने के लिए दूसरा जहाज आईएनएस तेग तैनात किया है। नौसेना का जहाज भारतीयों को लेकर जेद्दाह आएगा, जहां से वायु सेना की मदद से भी नागरिकों को भारत लाया जाएगा। इसलिए वायु सेना के दो सी-130जे परिवहन विमान सऊदी अरब में स्टैंडबाय पर हैं।

सूडानी सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच चल रहा भीषण संघर्ष पूरी दुनिया के लिए चुनौती बन गया है। ईद पर रैपिड सपोर्ट फोर्स ने संघर्ष विराम का ऐलान किया था, किन्तु तब वह प्रभावी नहीं हो सका था। इसके बाद अमेरिका ने दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम कराने की कोशिश शुरू की। हिंसाग्रस्त सूडान में संघर्ष विराम की अमेरिकी कोशिश रंग लाई है। दो दिन तक चली बातचीत के बाद संघर्षरत दोनों पक्ष 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमत हुए हैं। 24 अप्रैल की आधी रात से शुरू यह संघर्ष विराम अगले 72 घंटे चलेगा। अब तक हिंसा में 427 लोगों की मौत हो चुकी है और 3700 से अधिक घायल हुए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिंसाग्रस्त सूडान में फंसे 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने के लिए निर्देश दिये थे। अब तक सूडान से विभिन्न देशों के चार हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सूडान में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए दूसरे देश भी आगे आए हैं। सऊदी अरब और फ्रांस वहां से कई भारतीयों को सुरक्षित निकाल चुके हैं। फ्रांस ने भी दो सैन्य विमानों से 5 भारतीय नागरिकों सहित 28 देशों के 388 लोगों को बाहर निकाला है। सऊदी अरब ने सूडान से मित्र राष्ट्रों के 66 विदेशी नागरिकों को बाहर निकाला है, जिसमें कई भारतीय नागरिक भी हैं।

भारत ने हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे हैं। भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सुमेधा सूडान बंदरगाह से पहले जत्थे में 278 भारतीयों को लेकर जेद्दाह के लिए रवाना हुआ है। अपने वतन आने के लिए 500 भारतीय सूडान पोर्ट पर पहुंचे हैं। सूडान से बाकी नागरिकों को लाने के लिए नौसेना ने दूसरा जहाज आईएनएस तेग तैनात किया है। भारत उन देशों के साथ भी सहयोग कर रहा है, जो वहां फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालना चाहते हैं। News Source : News Agency (Webvarta)

Leave A Reply

Your email address will not be published.