बर्मिंघम की गलतियों से सीख ली : नीलकांत

बेंगलुरु, 29 सितंबर,  भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मिडफील्डर नीलकांत शर्मा ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रमंडल खेल 2022 में फाइनल की हार से टीम ने बहुत कुछ सीखा है और वह यह सुनिश्चित करने पर काम कर रहे हैं कि मैच की शुरुआत में विपक्षी टीम को जल्दी गोल न करने दें। भारतीय टीम ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से 7-0 से हार गयी। टीम इस समय बेंगलुरु के राष्ट्रीय खेल प्राधिकरण में आयोजित कैंप में एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के लिये अभ्यास कर रही है।

नीलकांत ने ओडिशा में होने वाले विश्व कप की तैयारियों के बारे में कहा, “हम कैंप शुरू होने के बाद से राष्ट्रमंडल खेलों में अपने मैचों के वीडियो टेप देख रहे हैं और हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि हम शुरुआत में विपक्षी टीम को गोल न करने दें। अगर हम मजबूत शुरुआत करते हैं, तो हम पूरे खेल में अपने प्रदर्शन को बेहतर कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “हमें एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप भुवनेश्वर-राउरकेला 2023 के ग्रुप चरण में काफी मजबूत टीमों का सामना करना है और हम यह महसूस नहीं करना चाहते हैं कि हमने अंत में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया। इसलिए एक अच्छे घरेलू मैदान पर अच्छे प्रदर्शन के लिए शुरुआत महत्वपूर्ण है।”

भारत को एफआईएच विश्व कप 2023 के लिये इंग्लैंड, स्पेन और वेल्स के साथ पूल डी में रखा गया है। मनप्रीत सिंह की टीम राउरकेला में 13 जनवरी 2023 को स्पेन के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। अगर नीलकांत विश्व कप टीम में जगह बनाते हैं तो वह घर में लगातार दो विश्व कप खेलने वाले मणिपुर के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।

उन्होंने टीम में अपने चयन के बारे में कहा, “आधिकारिक टीम की घोषणा अभी तक नहीं की गई है, लेकिन हां, मुझे विश्व कप में खेलने की उम्मीद है। मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं इस आयोजन में दो बार मणिपुर का प्रतिनिधित्व कर सकता हूं और टीम को जीतने में मदद करने के लिए अपना 100% दे सकता हूं।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.