मकान गिरा, वृद्ध पति की मौत, पत्नी घायल

बांदा, 22 सितंबर,  उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में हुई भीषण वर्षा के बीच गुरुवार को एक मकान गिर जाने से एक वृद्ध दंपत्ति मलबे में दब गए। जिसमें पति की मृत्यु मौके पर हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू राकेश कुमार सिंह ने बताया कि काजी टोला गांव के कल्ला डेरा कबीरपुर में गुरुवार को तड़के एक कच्चा मकान धराशाई हो गया। इसमें सो रहे 75 वर्षीय जगमोहन व उसकी 70 वर्षीया पत्नी सुखदेइया मलबे में दब गए। जिन्हें तत्काल बाहर निकाला गया। घटना में वृद्ध जगमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी सुखदेइया मामूली रूप से घायल हुईं।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर बबेरू तहसील के नायब तहसीलदार अभिनव, राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे और मौके पर जांच पड़ताल की। उन्होंने मृतक आश्रित को हर संभव सहायता देने का भरोसा भी दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.