गोरखपुर : छत गिरने से मजदूर मलबे में दबे, योगी ने लिया घटना पर संज्ञान

गोरखपुर, 21 सितंबर,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर में बुधवार को एक कॉलज की छत की शटरिंग गिरने के कारण मलबे के ढेर में कुछ मजदूर दब गये। मुख्यमंत्री योगी ने शहर के इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स में हुयी इस घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य शुरु करने के निर्देश दिये। राहत एवं बचाव के दौरान के एक मजदूर को बाहर निकाल लिया गया है। घायल मजदूर को गोरखपुर मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मलबे में अभी कुछ और मजदूर फंसे होने की आशंका है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स में निर्माणाधीन छत की शटरिंग गिरने से यह हादसा हुआ। इसमें कई मजदूरों के दबने की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरु कराया।

योगी के निर्देश पर इस काम में आपदा प्रबंधन बल की केन्द्रीय एवं राज्य इकाईयों की टीमें लगायी गयी हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि कॉलेज की इमारत के दूसरे तल पर निर्माण चल रहा था। तभी छत डालने के लिये लगायी गयी शटरिंग गिरने से छत के मलबे में मजदूर दब गये। इन्हें निकालने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के कारण की जांच भी की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.