बस्ती : सरयू नदी का जल स्तर खतरे के बिंदु से 42 सेमी ऊपर

बस्ती, 20 सितंबर, उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सरयू नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। सरयू का जल स्तर खतरे के निशान 92.730 से ऊपर 93.150 मीटर पर आ गया है। जिले के बाढ़ खण्ड के अधिकारियों मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि नदी के जल स्तर मे लगातार वृद्वि हो रही है। नदी का जल स्तर खतरे के बिन्दु से 42 सेमी ऊपर हो गया है।

बाढ़ का पानी दुबौलिया और विक्रमजोत क्षेत्र मे तेजी से फैल रहा है। तटबंध और नदी के बीच स्थित सुबिका बाबू गांव बाढ़ के पानी से पूरी तरीके से घिर गया है। पानी के आने के कारण बिशुनदासपुर का एक पुरवा, टेढवा, भुवरिया आदि गांव घिर जाने के कागार पर है। मोजपुर गांव में पानी ओवर फ्लो होकर तेजी से घुस रहा है। अशोकपुर ग्राम पंचायत के कई मजरों की तरफ भी पानी तेजी से फैल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि विक्रमजोत विकास क्षेत्र के गांव कल्यानपुर, भरथापुर का मुख्यमार्ग जलमग्न हो चुका है। गौरतलब है कि इससे आवागमन में लोगों को बहुत समस्या हो रही है। यहां के लोग अपने जरूरी सामान के लिए पानी से होकर आ जा रहे हैं। गांव में पशुओं के चारे का संकट भी खड़ा हो गया है। अतिसंवेदनशील तटबंध कटरिया चांदपुर और गौरा सैफाबाद पर पानी का तेज दबाव बना हुआ है। तटबन्ध को बचाने के लिए बाढ़ खण्ड के अधिकारी, कर्मचारी लगे हुए हैं तथा बाढ़ क्षेत्रों की निगरानी भी की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.