एहसान

एक बहेलिया था। एक बार जंगल में उसने चिड़िया फंसाने के लिए अपना जाल फैलाया। थोड़ी देर बाद ही एक बाज़ उसके जाल में फंस गया।

वह उसे घर लाया और उसके पंख काट दिए। अब बाज़ उड़ नहीं सकता था, बस उछल उछलकर घर के आस-पास ही घूमता रहता।

उस बहेलिए के घर के पास ही एक शिकारी रहता था। बाज़ की यह हालत देखकर उससे सहन नहीं हुआ। वह बहेलिए के पास गया और कहा- ”मित्र, जहां तक मुझे मालूम है, तुम्हारे पास एक बाज़ है, जिसके तुमने पंख काट दिए हैं। बाज़ तो शिकारी पक्षी है। छोटे-छोटे जानवर खा कर अपना भरण-पोषण करता है। इसके लिए उसका उड़ना जरूरी है। मगर उसके पंख काटकर तुमने उसे अपंग बना दिया है। फिर भी क्या तुम उसे मुझे बेच दोगे?“

बहेलिए के लिए बाज़ कोई काम का पक्षी तो था नहीं, अतः उसने उस शिकारी की बात मान ली और कुछ पैसों के बदले बाज़ उसे दे दिया।

शिकारी बाज़ को अपने घर ले आया और उसकी दवा-दारू करने लगा। दो माह में बाज़ के नए पंख निकल आए। वे पहले जैसे ही बड़े थे। अब वह उड़ सकता था।

जब शिकारी को यह बात समझ में आ गई तो उसने बाज़ को खुले आकाश में छोड़ दिया। बाज़ ऊंचे आकाश में उड़ गया। शिकारी यह सब देखकर बहुत प्रसन्न हुआ। बाज़ भी बहुत प्रसन्न था और शिकारी बहुत कृतज्ञ था।

अपनी कृतज्ञता प्रकट करने के लिए बाज़ एक खरगोश मारकर शिकारी के पास लाया।

एक लोमड़ी, जो यह सब देख रही थी, बाज़ से बोली- ”मित्र! जो तुम्हें हानि नहीं पहुंचा सकता उसे प्रसन्न करने से क्या लाभ?“

इसके उत्तर में बाज़ ने कहा- ”व्यक्ति को हर उस व्यक्ति का एहसान मानना चाहिए, जिसने उसकी सहायता की हो और ऐेसे व्यक्तियों से सावधान रहना चाहिए जो हानि पहुंचा सकते हों।“

(सीख :- व्यक्ति को सदा सहायता करने वाले का कृतज्ञ रहना चाहिए।)

Leave A Reply

Your email address will not be published.