दिल्ली में आप के दुर्गेश पाठक 11500 वोटों से जीते

नयी दिल्ली 26 जून, आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार दुर्गेश पाठक ने दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजेश भाटिया को 11,000 से अधिक वोटों के अंतर से हरा दिया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दुर्गेश पाठक को जहां 40,319 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाटिया को 28,851 वोट मिले। जीत का अंतर 11,468 वोट था। उपचुनाव में कांग्रेस की दावेदार प्रेमलता को महज 2,014 वोट ही मिले।

श्री पाठक की इस विजय के साथ ही ‘आप’ ने राजेंद्र नगर में जीत की हैट्रिक लगा ली है। श्री पाठक से पहले 2020 में श्री राघव चड्ढा को जनता ने अपना विधायक चुना था, लेकिन पार्टी ने अब उन्हें पंजाब से राज्यसभा में भेज दिया है। इसी वजह से यहां उपचुनाव कराए गए, जिसमें दुर्गेश पाठक को जीत मिली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी गंदी राजनीति को हराया और हमारे अच्छे काम को सराहा है। जीत की घोषणा के बाद श्री पाठक ने कहा कि यह उनकी नहीं बल्कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए कामों की जीत है।

भाजपा का यहां कोई एजेंडा नहीं था, वो पहले दिन ही चुनाव हार गई थी। वो यहां आने वाले नगर निगम चुनावों सहित हर चुनाव में हारेंगे। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा कि मतगणना के सभी 16 दौर पूरे हो चुके हैं। राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर 23 जून को हुए उपचुनाव में महज 43.75 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार यहां चौदह उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे, लेकिन शुरू से ही मुख्य मुकाबला ‘आप’ और भाजपा के बीच ही देखा जा रहा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.