मुंडका हादसा बेहद दर्दनाक व झकझोरने वाला : केजरीवाल

नयी दिल्ली, 14 मई,  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुंडका स्थित घटनास्थल का शनिवार को दौरा कर आगजनी में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला है। श्री केजरीवाल ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद परकारों से कहा कि यहां पर कल बहुत ही दर्दनाक हादसा हुआ। इमारत के अंदर आग लग गई थी। आग बहुत ही भीषण थी, जिसमें जलने से कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। कई बॉडी इतनी क्षत-विक्षत हो गई हैं कि अभी तक उनकी पहचान भी नहीं हो पाई है। जो-जो लोग गुमशुदा की रिपोर्ट कर रहे हैं, उन लोगों की मदद के लिए हमने जिलाधिकारी की तरफ से यहां पर हेल्प डेस्क भी लगाया है। एफएसएल के जरिए डीएनए की जांच कर पहचान कर पाएंगे कि कौन सा शव किस परिवार का है।
उन्होंने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी आत्मा को शांति दें। उनके घर के लोगों को यह दुख बर्दाश्त करने की शक्ति दे। मैंने दिल्ली सरकार की तरफ से पूरे हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिया है। जिन लोगों की मौत हो गई हैं, उनके आश्रित परिवार 10-10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, जो लोग घायल हुए हैं, उनको 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। इस घटना से संबंधित दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में भी जो निकल कर आएगा और जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनको बक्शा नहीं जाएगा।


मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मौत की संख्या के सवाल पर कहा कि मैं अभी आधिकारिक रूप से मृतकों की संख्या के बारे में कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं, जब तक कि सारा डीएनए आदि की जांच नहीं हो जाती है। जब डीएनए आदि की जांच हो जाएगी, तभी वास्तविक संख्या का पता चल सकेगा। मजिस्ट्रियल जांच में लापरवाही का भी पता चल जाएगा। जब जांच के नतीजे आएंगे, तो पता चलेगा कि कोई अधिकारी जिम्मेदार था या कोई एजेंसी जिम्मेदार थी। इस वक्त हमें जांच का इंतजार करना चाहिए। एक बार जांच के नतीजे जा जाएं, उसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, हम किसी को भी नहीं छोड़ेंगे।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने घटना स्थल का दौरा करने के उपरांत ट्वीट कर कहा, ‘‘मुंडका में हुआ हादसा बेहद दुःखद है। आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ दुर्घटना स्थल पर जाकर पीड़ितों से मुलाकात की। इस हादसे में कई लोगों ने अपनो को खोया है। दिल्ली सरकार मृतकों के परिजनों को 10 लाख व घायलों को 50 हज़ार रुपए का मुआवजा देगी।’’ वहीं, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ मुंडका में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ घटना स्थल का दौरा किया, जहां भीषण आग लग गई थी। श्री अरविंद केजरीवाल ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।’’

उल्लेखनीय है कि पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इलाके में शुक्रवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई है और 12 अन्य गंभीर रूप से झुलस गये हैं जबकि 29 लोग लापता हैं। गंभीर रूप से झुलसे लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना में मृत लोगों में से अब तक सात की पहचान की गयी है। उनमें तानिया भूषण पुत्री श्री. चंद्र भूषण, मोहिनी पाल, पत्नी श्री. विजय पाली, यशोदा देवी पत्नी श्री. विश्वजीत, रंजू देवी पत्नी श्री. संतोष, विशाल पुत्र श्री. मिथलेश, दृष्टि पुत्र श्री. गणपति और कैलाश ज्ञानी पुत्र बहादुर राम ज्ञानी शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.